भिलाई। शहर के सूर्या टीआई मॉल के सेकंड फ्लोर पर स्थित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने औचक जांच कार्रवाई की। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर के अंदर मौजूद युवतियों और अन्य लोगों को बाहर निकाला। जांच के बाद 7-8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर (मुचलका पाबंद) की कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की औचक कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, भिलाई के सूर्या टीआई मॉल के सेकंड फ्लोर पर संचालित स्पा सेंटर को लेकर पुलिस को अवैध गतिविधियों की पुख्ता शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने औचक रेड की। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पहुंची टीम
पुलिस की इस कार्रवाई को ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर अंजाम दिया गया। टीम में CSP निशांत पाठक, डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी सहित पुलिस बल शामिल रहा।
मॉल प्रबंधन ने बंद कर रखी थी बिजली-पानी की सप्लाई
मॉल प्रबंधन के अनुसार, जिस स्थान पर स्पा सेंटर संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। प्रबंधन द्वारा वहां की लाइट और पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। इसके बावजूद स्पा सेंटर के अंदर लोग मौजूद मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की।
7-8 युवतियों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई
रेड के दौरान मिली युवतियों की संलिप्तता की जांच के बाद पुलिस ने कुल 7-8 युवतियों पर बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में ऐसी गतिविधियों में दोबारा शामिल होने से रोकना है।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती जारी रहेगी
भिलाई नगर CSP निशांत पाठक ने मामले को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध कार्यों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तमाम ठिकानों पर लगातार सख्त चेकिंग और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फिलहाल अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद फिलहाल यहां किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और मौके पर मिली गतिविधियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।