मतगणना के बीच सियासी घमासान, ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप


कोलकाता: ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की 293 सीटों पर जारी मतगणना के बीच बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि अंदर उनके साथ बदसलूकी की गई, उन्हें धक्का दिया गया और मारपीट भी हुई।

टीएमसी प्रमुख ने चुनाव नतीजों को खारिज करते हुए कड़े शब्दों में कहा कि यह किसी पार्टी की जीत नहीं, बल्कि “सरेआम लूट” है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए।

ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय बलों के साथ मिलकर धांधली की है। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को गैर-कानूनी बताते हुए राज्य में तत्काल री-काउंटिंग कराने की मांग की।

इस बीच, चुनावी रुझानों और नतीजों में भाजपा का दबदबा साफ नजर आ रहा है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 119 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 88 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है, जो 48 सीटों पर जीत और 32 पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस का प्रदर्शन भी कमजोर रहा है और उसे केवल 2 सीटें मिली हैं।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, फालता विधानसभा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान (री-पोलिंग) कराया जाएगा। चुनावी माहौल में बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप के बीच राज्य की राजनीति में तनाव और अनिश्चितता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *