डेस्क : पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क को लेकर कनाडा से बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कनाडा के एबट्सफोर्ड में उनके कार्यक्रम के बाद उनके काफिले में शामिल एक वाहन पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि हमलावरों का निशाना एमी विर्क थे या कोई और व्यक्ति। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि घटना के वक्त एमी विर्क संबंधित वाहन में सवार थे या नहीं।
एबट्सफोर्ड पुलिस ने मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में हुई गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि यह घटना 5 सितंबर की रात हुई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एमी विर्क का कार्यक्रम एबट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 11 बजे एमी विर्क वाहनों के काफिले के साथ शहर की ओर रवाना हुए। इसी दौरान काफिले में शामिल एक रॉल्स रॉयस कलिनन पर दूसरे वाहन में सवार लोगों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं।
गाड़ी में सवार लोगों को नहीं लगी चोट
कनाडा के पंजाबी कमेंटेटर गुरप्रीत एस. सहोता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि एमी विर्क खुद भी उसी रॉल्स रॉयस में सवार थे। उनके मुताबिक, गोलीबारी के बावजूद वाहन में मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक एमी विर्क के वाहन में मौजूद होने या इस फायरिंग के पीछे उनके होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग किस वजह से हुई और हमलावरों का वास्तविक निशाना कौन था।
फिलहाल इस घटना को लेकर एमी विर्क की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।