मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दुनिया में बढ़ते तनाव के बीच पश्चिमी देशों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय खतरनाक दौर से गुजर रही है और पश्चिमी देशों को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे स्थिति और बिगड़े।
पुतिन ने कालिनिनग्राद को लेकर भी रूस का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि यदि कालिनिनग्राद पर हमला करने की कोशिश की जाती है तो रूस इसका जवाब देने के लिए अपने सभी तरह के हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। इससे पहले भी पुतिन नाटो को इस मुद्दे पर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी दे चुके हैं।
पश्चिमी प्रतिबंधों पर भी साधा निशाना
वाल्दाई फोरम में पुतिन ने पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों के कारण रूस अब अपना डीजल विश्व बाजार में नहीं भेजेगा। पुतिन के मुताबिक, अगर दुनिया को रूसी डीजल की जरूरत है तो रूस के व्यापार पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना होगा।
उन्होंने अमेरिका और चीन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता को लेकर भी रूस की तैयारी जाहिर की। हालांकि, पुतिन ने कहा कि ऐसी बैठक से पहले बातचीत के मुद्दों को तय किया जाना जरूरी है।
PM मोदी की तारीफ
रूसी राष्ट्रपति ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रुख की भी सराहना की। पुतिन ने कहा कि रूस और भारत के बीच अच्छे और दोस्ताना संबंधों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी लगातार यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने का मुद्दा उठाते हैं।
पुतिन के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ऐसे समाधान में रुचि रखते हैं जो दोनों पक्षों को स्वीकार्य हो। उन्होंने कहा कि मोदी इस मामले में निष्पक्ष रुख रखते हुए संघर्ष को जल्द से जल्द शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करने में रुचि रखते हैं।
पुतिन ने कहा कि रूस प्रधानमंत्री मोदी के विचारों और इस संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से जल्द समाप्त करने की उनकी इच्छा के लिए आभारी है।