नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने घटिया गुणवत्ता वाले फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल के निर्माण और बिक्री के मामले में खाद्य तेल कंपनी AWL Agri Business Limited के खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी के ‘Fortune’ ब्रांड के एक सनफ्लावर ऑयल सैंपल में निर्धारित मात्रा से कम विटामिन पाए जाने के बाद जुर्माने का आदेश जारी किया गया है।
हालांकि, FSSAI की ओर से लगाए गए जुर्माने की राशि की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। अहमदाबाद स्थित AWL Agri Business Limited ‘Fortune’ ब्रांड के तहत विभिन्न खाद्य तेलों की बिक्री करती है।
गोवा से लिया गया था सैंपल
FSSAI के मुताबिक, ‘Fortune Fryola Refined Sunflower Seed Oil’ के एक लीटर पैक का सैंपल गोवा स्थित Taj Fort Aguada Resort & Spa से लिया गया था। इसके बाद सैंपल को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
प्राथमिक प्रयोगशाला की जांच में सामने आया कि फोर्टिफाइड खाद्य तेल FSS (Fortification of Foods) Regulations, 2018 के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था।
विटामिन A और D की मात्रा मिली कम
जांच में तेल में विटामिन A और विटामिन D की मात्रा निर्धारित सीमा से कम पाई गई। इसके चलते उत्पाद को मानकों के अनुरूप नहीं माना गया और इसे घटिया गुणवत्ता वाला घोषित किया गया।
कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद सैंपल की दोबारा रेफरल लैब में जांच कराई गई। इस जांच में भी विटामिन D की मात्रा निर्धारित सीमा से काफी कम होने की पुष्टि हुई। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ जुर्माने का आदेश पारित किया।
क्या होता है फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल?
फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल में सामान्य तेल के अलावा विटामिन A और विटामिन D जैसे पोषक तत्व निर्धारित मानकों के अनुसार मिलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य लोगों के आहार में जरूरी पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ाना होता है।
Pai Foods के दो उत्पादों पर भी कार्रवाई
इसी बीच FSSAI ने Pai Foods के दो उत्पादों की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है। इनमें ‘Monk Fruit Extract Sweetener’ और ‘Monk Fruit Sweetener Drops’ शामिल हैं।
FSSAI के अनुसार, इन उत्पादों के लेबलिंग मानकों के उल्लंघन को लेकर कंपनी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। कंपनी को इन उत्पादों की बिक्री तुरंत बंद करने और आवश्यक अनुमोदन हासिल करने के साथ वैध लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है।
मोंक फ्रूट मुख्य रूप से चीन में पाया जाने वाला एक फल है, जिसका उपयोग स्वीटनर के तौर पर किया जाता है।