नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए “वोट चोरी” के अपने आरोप दोहराए हैं। आयोग द्वारा इन दावों को खारिज किए जाने के बावजूद राहुल गांधी ने कहा कि उनकी लड़ाई अब भी जारी है और वे देश के युवाओं को सच्चाई दिखाते रहेंगे।
मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, “हम चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों को उजागर करना बंद नहीं करेंगे। हम जेन जी को बताएंगे कि कैसे लोकतंत्र की नींव को हिलाया गया और किस तरह चुनाव प्रक्रिया से खिलवाड़ हुआ।”
उन्होंने आगे कहा, “हरियाणा का चुनाव लोकतंत्र नहीं, बल्कि खुली लूट था। मैंने अपने प्रजेंटेशन में साफ दिखाया कि वहां वोटिंग प्रक्रिया पूरी तरह से धांधली से भरी थी। न तो भाजपा और न ही चुनाव आयोग ने इसका कोई जवाब दिया। अगर वे खामोश हैं, तो इसका मतलब है कि मैंने जो कहा, वह सच है।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग मिलकर संविधान पर हमला कर रहे हैं। ‘वन मैन, वन वोट’ का सिद्धांत खत्म किया जा रहा है। हरियाणा में तो हालात इतने खराब थे कि ब्राजील की एक महिला की फोटो सैकड़ों वोटर कार्ड्स में इस्तेमाल की गई।”
बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात जैसे राज्यों में भी इसी तरह की गड़बड़ियों के संकेत बताते हुए राहुल गांधी ने कहा, “यह सिर्फ शुरुआत है। हमारे पास ठोस सबूत हैं और हम एक-एक तथ्य देश के सामने रखेंगे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह लड़ाई हम रुकने नहीं देंगे।”