रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण शनिवार को कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश उत्तर छत्तीसगढ़ के कुसमी क्षेत्र में हुई, जहां पिछले 24 घंटे में 28 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में दिनभर छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लोगों को घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है।
इन मौसमी प्रणालियों से बढ़ी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अभी सक्रिय है। वहीं मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, हरदोई, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक व्यापक बारिश की स्थिति बनी रहेगी।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की सलाह
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।