रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां और बंगाली सिनेमा की पार्श्व गायिका कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि यश राज फिल्म्स (YRF) की ओर से जारी आधिकारिक बयान में की गई है।

YRF ने परिवार की ओर से जारी बयान में कहा कि कृष्णा मुखर्जी के निधन से परिवार गहरे दुख में है। परिवार ने प्रशंसकों और शुभचिंतकों का उनकी प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए आभार जताते हुए इस संवेदनशील समय में निजता बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, उनके निधन के कारण की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

बंगाली सिनेमा में बनाई थी पहचान

कृष्णा मुखर्जी का कला और संगीत जगत से गहरा जुड़ाव रहा। वह बंगाली सिनेमा में पार्श्व गायिका के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी थीं। रानी मुखर्जी कई सार्वजनिक कार्यक्रमों, फिल्मी आयोजनों और दुर्गा पूजा के अवसरों पर अपनी मां के साथ नजर आती रही हैं।

मां से प्रेरित था ‘मिसेज चटर्जी’ का किरदार

रानी मुखर्जी अपनी मां को अपनी जिंदगी और करियर की बड़ी प्रेरणाओं में से एक मानती रही हैं। फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में उनके निभाए किरदार की भी उनकी मां से प्रेरणा जुड़ी थी। रानी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म में बंगाली मां के संघर्ष और बच्चों के लिए लड़ने वाले भाव को पर्दे पर उतारने में उनकी मां के व्यक्तित्व ने उन्हें प्रेरित किया।

कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर सामने आने के बाद मुखर्जी और चोपड़ा परिवार में शोक का माहौल है। फिल्म जगत से जुड़े लोगों और प्रशंसकों ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *