नई दिल्ली। अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसे हासिल करने वाले वह दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। राशिद ने इस प्रारूप में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। गुरुवार (29 अक्टूबर) को शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में तदिवानाशे मारुमनी को पवेलियन भेजते ही उन्होंने विकेटों का दोहरा शतक पूरा कर लिया।
राशिद खान की इस उपलब्धि ने टी20 क्रिकेट में उनकी शानदार गेंदबाजी और निरंतरता को एक बार फिर साबित किया है। उन्होंने अक्टूबर 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सितंबर 2025 में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी को पीछे छोड़कर सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। अब 200 विकेट के साथ उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और बड़ा रिकॉर्ड जोड़ लिया है। इस सूची में इंग्लैंड के आदिल राशिद 171 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
अफगानिस्तान की जोड़ी ने भी बनाया साझेदारी का रिकॉर्ड
इस मुकाबले में अफगानिस्तान के बल्लेबाज अजमतुल्लाह उमरजई और इजाज अहमद अहमदजई ने भी अपने प्रदर्शन से नया इतिहास रचा। दोनों ने छठे विकेट के लिए 142 रनों की शानदार साझेदारी की। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस विकेट के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस दौरान उन्होंने वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और शेरफेन रदरफोर्ड के 139 रनों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
यह अफगानिस्तान की ओर से टी20 इंटरनेशनल में किसी भी विकेट के लिए दर्ज की गई सबसे बड़ी साझेदारी भी बन गई। इससे पहले मोहम्मद नबी और इब्राहिम जादरान के बीच 86 रनों की साझेदारी इस मामले में सर्वोच्च थी।
उमरजई के शतक से अफगानिस्तान ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
मुकाबले में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 221 रन बनाए। अजमतुल्लाह उमरजई ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 50 गेंदों पर 116 रन ठोक दिए। वहीं इजाज अहमद अहमदजई ने 27 गेंदों में 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
सिकंदर रजा का शतक भी जिम्बाब्वे को नहीं दिला सका जीत
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने शुरुआती दौर में संभलकर बल्लेबाजी की। ब्रायन बेनेट और इनोसेंट काइया ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद अफगान गेंदबाजों ने वापसी करते हुए जिम्बाब्वे को दबाव में ला दिया। टीम ने 84 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए।
इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा ने शानदार संघर्ष दिखाते हुए 106 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली। तफाद्जवा त्सिगा ने भी 31 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए नाबाद 120 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन यह प्रयास जीत के लिए पर्याप्त नहीं रहा। जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 202 रन ही बना सकी।
इस तरह अफगानिस्तान ने 19 रनों से मुकाबला जीत लिया। राशिद खान का ऐतिहासिक 200 विकेट का रिकॉर्ड और उमरजई-अहमदजई की रिकॉर्ड साझेदारी इस मुकाबले को लंबे समय तक यादगार बनाए रखेगी।