गर्मी से राहत, बारिश की सौगात: रायपुर में प्री-मानसून सक्रिय, 11 जून के बाद और बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज प्री-मानसून बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है और प्रदेश में मानसून की दस्तक के संकेत दे रही है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। हालांकि अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग का अनुमान है कि 11 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

प्रदेश में तापमान की स्थिति

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। शहर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

चक्रवाती परिसंचरण का असर

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी सिस्टम का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है, जिसके कारण प्रदेश में बादल छाने, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की प्रगति के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *