कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। यूक्रेन के हालिया ड्रोन हमलों के जवाब में गुरुवार तड़के रूस ने राजधानी कीव पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया। इस हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
रूसी हमले के बाद कीव के कई इलाकों में जोरदार विस्फोट हुए और भीषण आग लग गई। एक नौ मंजिला रिहायशी इमारत पूरी तरह ढह गई, जबकि कई अन्य इमारतों और एक होटल को भी नुकसान पहुंचा। बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हमले से कुछ घंटे पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने खुफिया जानकारी के आधार पर नागरिकों को संभावित बड़े हमले की चेतावनी दी थी। उन्होंने लोगों से हवाई हमले के सायरन बजते ही सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की थी। चेतावनी के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और जरूरी सामान के साथ मेट्रो स्टेशनों तथा बंकरों में शरण लेने पहुंच गए।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले के कारण शहर के मध्य क्षेत्र समेत कई स्थानों पर आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच मेडिकल कर्मी भी घायल हुए हैं।
रूस के हमले के मद्देनजर पड़ोसी देश पोलैंड ने एहतियातन अपनी वायुसेना को अलर्ट पर रखा था। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर सुरक्षा उड़ानों को वापस बुला लिया गया। पोलैंड की सशस्त्र सेना ने स्पष्ट किया कि हमले के दौरान उसकी हवाई सीमा का कोई उल्लंघन नहीं हुआ।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन भी रूस के भीतर मॉस्को और क्रीमिया समेत कई क्षेत्रों में ड्रोन हमले तेज कर चुका है। यूक्रेन लगातार रूस के सैन्य ठिकानों और ईंधन भंडारण केंद्रों को निशाना बना रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस युद्ध जारी रखना चाहता है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे रूस पर दबाव बढ़े। वहीं, रूस की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने अमेरिका को यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने पर चेतावनी देते हुए कहा कि इससे वैश्विक शांति के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।