श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने घाटी में फरार आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना मोहम्मद यूसुफ शाह उर्फ सैयद सलाहुद्दीन समेत चार आतंकियों के घरों के बाहर प्रोक्लेमेशन (सार्वजनिक घोषणा) के पोस्टर चिपकाए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से आरोपियों को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
सीआईके के अनुसार, ये सभी आरोपी वर्ष 1996 में दर्ज एक मामले में लंबे समय से फरार हैं और कानूनी प्रक्रिया से बचते आ रहे हैं। जांच एजेंसियां लगातार उनकी तलाश कर रही हैं। पोस्टर चस्पा कर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बचना अब संभव नहीं होगा।
न्यायालय ने सभी फरार आरोपियों को 14 जुलाई को सुबह 10 बजे तक अदालत में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। पोस्टरों में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने सबूत के तौर पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई।
सीआईके के मुताबिक, जिन आतंकियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है उनमें यूनाइटेड जिहाद काउंसिल (UJC) से जुड़े मोहम्मद यूसुफ शाह उर्फ सैयद सलाहुद्दीन के अलावा हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर गुलाम नबी खान, शेर मोहम्मद और नासिर यूसुफ कादरी शामिल हैं।
अधिकारियों का कहना है कि आतंकवाद और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने वाले आरोपियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।