Samsung Galaxy Buds On: कान में नहीं लगेंगे ईयरफोन, क्लिप की तरह होगा फिट; 9.5 घंटे चलेगी बैटरी

नई दिल्ली। सैमसंग ने अपने ऑडियो डिवाइस सेगमेंट में एक नया प्रयोग करते हुए Galaxy Buds On वायरलेस ईयरफोन पेश किया है। पारंपरिक इन-ईयर बड्स से अलग इसका डिजाइन कान के बाहरी हिस्से पर क्लिप की तरह फिट होने वाला है। ओपन-ईयर डिजाइन के कारण ईयरफोन पहनने के दौरान भी यूजर आसपास की आवाजों को सुन सकेगा। खासतौर पर वॉकिंग, रनिंग और ट्रैवल के दौरान यह फीचर उपयोगी हो सकता है।

करीब 21 हजार रुपये रखी गई शुरुआती कीमत

Galaxy Buds On को फिलहाल दक्षिण कोरियाई बाजार में 2,99,000 कोरियन वॉन, यानी करीब 21 हजार रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया है। इसकी बिक्री दक्षिण कोरिया में 27 अक्टूबर से शुरू होगी। शुरुआत में यह ब्लैक कलर में उपलब्ध होगा। कंपनी इसे बाद में भारत समेत दूसरे बाजारों में भी लॉन्च कर सकती है।

कान पर क्लिप की तरह बैठेगा डिवाइस

इस ईयरफोन की सबसे बड़ी खासियत इसका फिटिंग सिस्टम है। इसे कान के अंदर डालने के बजाय बाहरी हिस्से पर क्लिप की तरह लगाया जाता है। कंपनी ने इसे अलग-अलग आकार के कानों के हिसाब से डिजाइन किया है। चौड़ा कॉन्टैक्ट एरिया और एडजस्ट होने वाला बैंड इसे एक्सरसाइज या दौड़ने के दौरान अपनी जगह पर बनाए रखने में मदद करता है।

ऑडियो के लिए इसमें TwinBoost स्पीकर्स दिए गए हैं। इसके अलावा ऑटोमैटिक वॉल्यूम कंट्रोल आसपास के शोर के अनुसार आवाज को एडजस्ट करता है। कंपनी ने इसमें Audio Leakage Reduction तकनीक भी दी है, जिसका उद्देश्य आसपास बैठे लोगों तक ईयरफोन की आवाज कम पहुंचाना है।

एक बार चार्ज करने पर 9.5 घंटे का प्लेबैक

बैटरी के मामले में Galaxy Buds On को एक बार फुल चार्ज करने पर 9.5 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक देने का दावा किया गया है। इसमें Qualcomm Snapdragon S7 Gen 1 Sound Platform और क्लास-डी एम्पलीफायर दिया गया है।

कॉलिंग को बेहतर बनाने के लिए इसमें तीन माइक्रोफोन, बोन-कंडक्शन आधारित वॉयस पिकअप यूनिट और मशीन लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसका सिस्टम हवा, ट्रैफिक और आसपास के शोर को कम करके यूजर की आवाज को स्पष्ट रखने के लिए काम करता है।

सिर हिलाकर कर सकेंगे कॉल और नोटिफिकेशन कंट्रोल

Galaxy Buds On में Galaxy AI से जुड़े कई फीचर्स भी दिए गए हैं। कम्पैटिबल Galaxy स्मार्टफोन से कनेक्ट करने पर यूजर वॉयस कमांड के जरिए Gemini Live एक्टिवेट कर सकता है और वॉयस मेमो भी रिकॉर्ड कर सकता है।

इसका Head Gestures फीचर भी खास है। इसके जरिए सिर के इशारे से कॉल रिसीव या कट करने, अलार्म बंद करने और नोटिफिकेशन देखने जैसे काम किए जा सकते हैं। केस खोलते ही ईयरफोन फोन से तेजी से पेयर हो जाता है और क्विक पैनल के जरिए वॉल्यूम व इक्वलाइजर जैसी सेटिंग्स बदली जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *