प्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर अव्यवस्था, डॉ. अनिल शुक्ला के आकस्मिक निरीक्षण में उजागर हुई खामियां, कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए

अंबिकापुर/बलरामपुर/सूरजपुर |  संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग अंबिकापुर डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने आज आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रातः 11:10 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय बलरामपुर तथा सायं 06:25 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रतापपुर जिला सूरजपुर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रतापपुर में स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था पाई गई। संस्था में सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब रही, दवाइयों का रख-रखाव अस्त-व्यस्त पाया गया, साथ ही कई दवा पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। ड्रेसिंग कक्ष, वाशरूम और टॉयलेट में भी सफाई का अभाव पाया गया।

इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित बैनर और फ्लेक्स पर्याप्त मात्रा में प्रदर्शित नहीं थे, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार प्रभावित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि पुरुष वार्ड में महिला मरीज और महिला वार्ड में पुरुष मरीज भर्ती थे।संभागीय संयुक्त संचालक ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में संचालित दवा दुकान को परिसर से बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

निरीक्षण में कई चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम, फर्मासिस्ट, स्वीपर और अन्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

इनमें प्रमुख रूप से —

  • डॉ. विकास गुप्ता (3 दिवस), डॉ. निमेष दूबे (5 दिवस), डॉ. विकास सिंह (7 दिवस), डॉ. सिवाली सिंह (1 दिवस),
  • सहित कई नर्स, एएनएम, स्वीपर, ऑपरेटर एवं वाहन चालक शामिल हैं।
  • सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

डॉ. शुक्ला ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बलरामपुर एवं सूरजपुर को निर्देशित किया है कि निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगामी आकस्मिक निरीक्षण में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के अनुपस्थित पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *