सेशेल्स दौरा रहा ऐतिहासिक, भारत-सेशेल्स संबंधों को मिली नई मजबूती : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली/विक्टोरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न करने के बाद स्वदेश के लिए रवाना होते हुए इसे भारत-सेशेल्स संबंधों के लिए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धियों से भरपूर बताया। उन्होंने कहा कि यह दौरा दोनों देशों की मित्रता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनकी सेशेल्स यात्रा कई ठोस और महत्वपूर्ण परिणाम लेकर आई है, जो दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले 50 वर्षों में भरोसे और साझा विकास पर आधारित संबंध आने वाले 50 वर्षों में नवाचार, सतत विकास और साझा समृद्धि की नई मिसाल बनेंगे।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि उनकी यात्रा से सेशेल्स और यूरोपीय संघ (ईयू) के संबंधों को भी मजबूती मिली है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति वावेल रामकलावन, सरकार और वहां की जनता का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष मना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस समारोह में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।

दौरे के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच 19 महत्वपूर्ण समझौतों और घोषणाओं पर सहमति बनी। इनमें प्रत्यर्पण संधि, यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली की शुरुआत, डिजिटल सहयोग और अन्य विकासात्मक पहल शामिल हैं।

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी ने विक्टोरिया स्थित पीस पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की, जहां उनका ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के शांति, न्याय और मानवीय सम्मान के आदर्श आज भी पूरी दुनिया को बेहतर भविष्य की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *