बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार, जमीन विवाद में फायरिंग और मारपीट का आरोप

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर जमीन विवाद से जुड़े मामले में मारपीट करने और जानलेवा फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने उनके साथ आरोपी अंकित मिश्रा को भी गिरफ्तार किया है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना राजनगर थाना क्षेत्र के कोढ़ा गांव की है। पीड़ित मोती कुशवाहा ने शिकायत में बताया कि शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और बाहर बुलाकर उस पर लाठियों से हमला किया। इसके बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। घायल मोती कुशवाहा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में उसके शरीर में गोली जैसी धातु फंसे होने की पुष्टि हुई है।

पीड़ित का आरोप है कि वह जमीन पर कथित अवैध कब्जे से जुड़े एक मामले में गवाह बनने वाला था। इसी गवाही को रोकने के उद्देश्य से उस पर हमला किया गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर राजनगर न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस बीच, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले ही वह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि शालिग्राम गर्ग से उनका या उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और यदि कोई दोषी है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *