भिलाई : भिलाई के श्री शंकरा विद्यालय में वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को आदि गुरु श्री शंकराचार्य की जयंती श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। पालकी के साथ निकाली गई प्रभात फेरी में विद्यालय के सचिव एस. स्वामीनाथन, प्राचार्य बिपिन देशमुख, उपप्राचार्य विजियन बी., प्रधानपाठिकाएं, शिक्षक–शिक्षिकाएं तथा स्काउट–गाइड के छात्र–छात्राएं सम्मिलित हुए।
इसके पश्चात प्राचार्य बिपिन देशमुख ने आदि गुरु के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर माल्यार्पण किया। शाला परिसर स्थित मंदिर में आचार्य रामचंद्र शास्त्री एवं धर्मराजा शास्त्री द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा हवन संपन्न कराया गया।

शंकरा जयंती के अवसर पर शिक्षिकाओं ने भजन की प्रस्तुति भी दी, वहीं “जय-जय शंकर, हर-हर शंकर” के जयघोष से शाला प्रांगण भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा प्राचार्य महोदय द्वारा परामर्श केंद्र का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सचिव एस. स्वामीनाथन, अध्यक्ष वी. रामचंद्रन, कोषाध्यक्ष टी. आर. व्यंकटरमन सहित अन्य सम्माननीय सदस्य, उपप्राचार्य विजियन बी., प्रधान पाठिका श्रीमती चरनीत कौर संधू, समस्त शिक्षकगण व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पूजा में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया और शाला परिवार ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य एवं अभिभावकों की कुशलता की कामना की।

समाज सेवा की भावना के अंतर्गत स्काउट–गाइड के छात्र–छात्राओं द्वारा राहगीरों को प्रसाद व शीतल पेय का वितरण किया गया। प्रसाद वितरण के पश्चात कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।