नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरे कार्यकाल में 12 वर्ष पूरे होने पर उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और वरिष्ठ अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि खेल भावना के साथ वे समाज और देश के मित्र एवं मार्गदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति के सबसे लंबे कार्यकालों में से एक बताते हुए प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सफल भविष्य की कामना की।
दिलचस्प बात यह रही कि शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने संदेश में ममता बनर्जी, यशवंत सिन्हा और अरविंद केजरीवाल को भी टैग किया। टीएमसी सांसद होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी को दी गई उनकी यह सार्वजनिक बधाई राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है। कई राजनीतिक विश्लेषक इसे लोकतांत्रिक सौहार्द और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर दिए गए सकारात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। वे लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े रहे, लेकिन वर्ष 2019 में पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद मार्च 2022 में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से जीत दर्ज की थी।
हाल ही में टीएमसी के सांसदों के एक समूह से जुड़ी चर्चाओं में भी उनका नाम सामने आया था, जिसमें सांसदों ने नेतृत्व को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा था।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और 2024 के आम चुनावों में जीत हासिल कर वे लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। उनके 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर देशभर में राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों की ओर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।