ओडिशा में दिल दहला देने वाली घटना, सेप्टिक टैंक में 6 लोगों की मौत

कालाहांडी: ओडिशा के कालाहांडी जिले के एम. रामपुर क्षेत्र के गौड़ कार्लाखुंटा गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूर सेप्टिक टैंक के अंदर से शटरिंग का सामान निकालने के लिए नीचे उतरे थे। टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा होने और ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूर एक-एक कर बेहोश होते चले गए।

बताया जा रहा है कि पहले एक व्यक्ति के फंसने के बाद उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी टैंक के अंदर उतर गए, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से सभी बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

इस हादसे में मृतकों की पहचान ठेकेदार निमाई पाल (48), उनके बेटे आकाश पाल (28), और मजदूर आदल माझी (55), मनोरंजन हाती (27), छंदा जाला और बिपुल जाला के रूप में हुई है। वहीं पंकज जानी (32) गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आ रही है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि आखिर बिना सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों को इतने खतरनाक हालात में क्यों उतारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *