बस्तर की बदली तस्वीर को देश दुनिया तक पहुंचाएं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर – राज्यपाल श्री डेका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में शांति, विकास और पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली से छत्तीसगढ़ पहुंचे 41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के दल ने बस्तर का दौरा कर स्थानीय जनजीवन, विकास कार्यों और पर्यटन स्थलों को करीब से देखा।

इन्फ्लुएंसर के दल ने राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात कर बस्तर प्रवास के दौरान अपने अनुभव साझा किए। राज्यपाल ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद क्षेत्र के विकास और लोगों के कल्याण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी गतिविधियां बढ़ी हैं।

राज्यपाल ने कहा कि विकास कार्यों के साथ बस्तर के लोगों का विश्वास मजबूत हो रहा है और भय का वातावरण धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलावों को अपने माध्यमों के जरिए देश और विदेश तक पहुंचाने का आह्वान किया।

तीन दिन बस्तर में रहे इन्फ्लुएंसर

इन्फ्लुएंसर ने बताया कि उन्होंने करीब तीन दिन बस्तर में बिताए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की और पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों एवं गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने क्षेत्र में सड़क संपर्क, पुनर्वास, रोजगार और अन्य विकास कार्यों को करीब से देखा।

इन्फ्लुएंसर ने कहा कि बस्तर को लेकर उन्होंने जो तस्वीर मीडिया और अन्य माध्यमों से सुनी थी, जमीनी स्तर पर उससे अलग अनुभव मिला। उन्होंने क्षेत्र में शांति और प्राकृतिक सुंदरता को विशेष रूप से महसूस किया। उनका कहना था कि बस्तर में हुए सकारात्मक बदलावों को वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएंगे।

शिक्षा और रोजगार पर भी जोर

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि बस्तर के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विकास योजनाओं के जरिए गांवों को सड़क और अन्य सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। बस्तर के शहरों और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने से विकास की गति और तेज होगी तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

पांच करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचेगा बस्तर का अनुभव

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि दिल्ली से 41 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। इनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पांच करोड़ से अधिक लोग जुड़े हुए हैं। इन्फ्लुएंसर ने बस्तर में हुए बदलावों, विकास कार्यों और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा है।

इन्फ्लुएंसर अपने अनुभवों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करेंगे। इससे बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *