कोरिया | कोरिया जिले के शिवपुर-चरचा क्षेत्र में आवारा कुत्तों के लगातार हमलों से हड़कंप मच गया है। बुधवार की रात एक पागल कुत्ता इलाके में तांडव करता हुआ 15 लोगों पर हमला कर दिया, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैलाकर लोगों को घरों में कैद कर दिया है।
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश मरीजों की स्थिति स्थिर है, लेकिन 9 वर्षीय हसन रजा गंभीर रूप से घायल है। बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर के एम्स अस्पताल रेफर किया गया। घायलों के परिवार वाले कुत्तों के आतंक से परेशान हैं और प्रशासन से फौरन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हमले थमने का नाम नहीं ले रहे
घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भी ऑफीसर कॉलोनी में एक महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला किया और उसे घायल कर दिया। लगातार बढ़ते हमलों के कारण स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
टीके की कमी ने बढ़ाई नाराजगी
घायलों को एसईसीएल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां रेबीज का टीका उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल ने उन्हें टीका नहीं लगाया। इस पर लोग अस्पताल प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन अगर समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाता है, तो यह घटना और अधिक गंभीर रूप ले सकती है।