रिंगनी के फार्म हाउस में कर्मी की संदिग्ध मौत, रात में हुआ था विवाद

दुर्ग । भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंगनी स्थित एक फार्म हाउस में एक कर्मी नीलकंठ साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नीलकंठ साहू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इसी फार्म हाउस में रहकर कार्य करता था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात बिजली गुल होने के कारण नीलकंठ साहू अपने पड़ोसी अमर प्रसाद यादव के घर सोने चला गया था। इसी दौरान वहां उसकी पत्नी के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने चौकीदार राजकुमार को बुलाया और नीलकंठ को वापस उसके घर भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी बीच पड़ोसी अमर प्रसाद और चौकीदार राजकुमार के बीच कहासुनी और मारपीट की घटना भी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद मामला शांत हुआ।

हालांकि मंगलवार सुबह नीलकंठ साहू का शव उसके घर के सामने संदिग्ध हालत में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *