वृंदावन। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम ‘गुरु कृपा कुंज’ में शुक्रवार सुबह एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है, जिनका वास्तविक नाम दीपक लोधी बताया जा रहा है। वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के निवासी थे और आश्रम में रहकर साधना कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे शिष्य आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आश्रम के सेवादारों ने उन्हें तत्काल स्थानीय सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
शरीर पर मिले चोट के निशान से बढ़ा संदेह
घटना के बाद मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के अलावा एक अन्य गंभीर चोट की जानकारी सामने आई है। इसी वजह से पुलिस मामले को केवल हादसा या आत्महत्या मानकर आगे नहीं बढ़ रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शिष्य चौथी मंजिल से कैसे गिरे और घटना से पहले उनके साथ क्या हुआ था।
जांच में आत्महत्या, दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना समेत विभिन्न पहलुओं को शामिल किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक मौत के कारण को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आश्रम परिसर और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलने में कुछ देरी हुई थी, जिसके कारण पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके मथुरा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों की मौजूदगी में चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आश्रम में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।