दुर्ग | जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले हाई-सिक्योरिटी जोन कलेक्टर परिसर में चोरों ने बड़ी सेंधमारी की है। शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह केंद्र जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय के ठीक पीछे स्थित है, जहां हर वक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है। चोरों ने यहां से रोजाना के कामकाज के लिए रखी गई करीब 6 से 7 हजार रुपये की चिल्लर (नगदी) पार कर दी और फरार हो गए।

ताला तोड़ने में रहे नाकाम, तो उखाड़ दी कुंडी
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात चोर लोक सेवा केंद्र के मुख्य दरवाजे तक पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले केंद्र का मुख्य ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसमें असफल रहे। इसके बाद चोरों ने दरवाजे पर लगी लोहे की कुंडी को ही उखाड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। भीतर घुसते ही उन्होंने सीधे उस गल्ले और हिस्से को निशाना बनाया, जहां रोजमर्रा के लेन-देन के पैसे रखे जाते थे।

दस्तावेजों को नहीं पहुंचाया नुकसान
शनिवार सुबह जब केंद्र खुला तब इस पूरी वारदात का पता चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। राहत की बात यह रही कि चोरों ने केवल नगदी पर ही हाथ साफ किया। लोक सेवा केंद्र में रखे कंप्यूटर, अन्य कीमती उपकरण और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित हैं। चोरों ने इन सामानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। पुलिस ने मौका-मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है।