भिलाई। उत्तरप्रदेश के कानपुर में आई लव मुहम्मद सललल्लाहो अलैहि वसल्लम के पोस्टर बैनर लगाने पर की गई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में भिलाई के मुस्लिम समुदाय ने शुक्रवार की दोपहर बैनर पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट की अगुवाई में भिलाई-तीन, रिसाली, रुआबांधा, हुडको, कैम्प व खुर्सीपार क्षेत्र सहित आसपास की तमाम मस्जिदों के इमाम और मस्जिद कमेटियों के ओहदेदारों की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन हुआ। जामा मस्जिद सेक्टर-6 के ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने हाथों में आई लव मुहम्मद सललल्लाहो अलैहि वसल्लम के पोस्टर-बैनर थामे थे। वहीं पूरे मैदान में भी जगह-जगह बैनर लगाए गए ।
एसडीएम को ज्ञापन
तमाम मस्जिद कमेटियों की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिला व पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और एसडीएम हितेश पिस्दा को सौंपे गए ज्ञापन में शहर के मुसलमानों का प्रतिनिधित्व कर रही कमेटियों की ओर से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में आई लव मुहम्मद सललल्लाहु अलैहि वसल्लम जैसे मुहब्बत भरे पैगाम को लेकर उत्तरप्रदेश के कानपुर में 24-25 मुस्लिम नवयुवकों पर प्राथमिकी दर्ज की, जो स्वीकार योग्य नहीं है। राष्ट्रपति से मांग की गई है कि एफआईआर को रद्द करवाया जाए ।