jio का नया धमाका, अब बिना तार के चलेगा Apple CarPlay और Android Auto

टेक्नोलॉजी डेस्क : Jio की इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) शाखा JioThings ने भारतीय कार यूजर्स के लिए नया स्मार्ट डिवाइस JioCarSync लॉन्च किया है। यह गैजेट खासतौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जिनकी कार में पहले से वायर्ड Apple CarPlay या Android Auto सपोर्ट मौजूद है।

इस डिवाइस की मदद से अब यूजर्स बिना किसी केबल के अपने स्मार्टफोन को कार के इंफोटेनमेंट सिस्टम से कनेक्ट कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार इसका उद्देश्य ड्राइविंग के दौरान बार-बार वायर लगाने की परेशानी को खत्म करना है और कार में स्मार्ट कनेक्टिविटी अनुभव को बेहतर बनाना है।

JioCarSync के जरिए यूजर्स नेविगेशन, म्यूजिक, कॉलिंग और वॉयस कमांड जैसी सुविधाओं का वायरलेस इस्तेमाल कर पाएंगे। यह डिवाइस कार के मौजूदा फीचर्स जैसे टचस्क्रीन, स्टीयरिंग कंट्रोल और बिल्ट-इन माइक्रोफोन के साथ भी आसानी से काम करता है।

कंपनी ने इसमें USB Type-A और USB Type-C दोनों का सपोर्ट दिया है। बॉक्स में Type-C अडैप्टर भी शामिल किया गया है, ताकि नई कारों में भी इसे आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। जियो का दावा है कि कार स्टार्ट होने के कुछ सेकंड के भीतर यह डिवाइस अपने आप स्मार्टफोन से कनेक्ट हो जाता है।

वायरलेस कनेक्टिविटी के लिए इसमें Bluetooth 5.3 और 5GHz Wi-Fi तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही यह Siri और Google Assistant जैसे वॉयस असिस्टेंट को भी सपोर्ट करता है।

भारत में JioCarSync की कीमत 2,399 रुपये रखी गई है। कंपनी इस डिवाइस के साथ एक साल की वारंटी दे रही है। इसे ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदा जा सकता है। प्लग-एंड-प्ले फीचर के कारण इसे इंस्टॉल करने के लिए किसी तकनीकी सेटअप की जरूरत नहीं पड़ती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *