दुर्ग। न्याय को आमजन के लिए अधिक सुलभ, सरल और सहभागी बनाने की दिशा में भारत के उच्चतम न्यायालय की अभिनव पहल “समाधान समारोह-2026” के तहत समापन चरण में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट में लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति, संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन पक्षकारों को इस संबंध में नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि की प्रतीक्षा किए बिना मध्यस्थता केन्द्र, दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष, ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।
विशेष लोक अदालत में पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार प्रत्यक्ष (Physical Mode) या वर्चुअल (Virtual Mode) माध्यम से शामिल होकर अपने विवादों के समाधान की प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
इच्छुक पक्षकार एवं अधिवक्ता Google Form के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन का लिंक उच्चतम न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
वेबसाइट : www.sci.gov.in
Google Form भरने की अंतिम तिथि : 31 जुलाई 2026
इसके अतिरिक्त सहायता एवं जानकारी के लिए One Stop Centre (War Room) In-charge, समाधान समारोह (Special Lok Adalat) के हेल्पलाइन नंबर 011-23112428 एवं 011-23112528 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग ने नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण पहल का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने लंबित मामलों के त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।