रायपुर। निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ सहित 12 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया आज से शुरू कर दी है। इस महत्त्वपूर्ण अभियान के तहत मतदाताओं की सूचनाओं का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीयन और त्रुटियों के सुधार का कार्य किया जाएगा।
यह विशेष पुनरीक्षण 7 फरवरी 2026 तक पूरा किया जाएगा, जिसके बाद सभी राज्यों में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस प्रक्रिया के दायरे में लगभग 51 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
चरणबद्ध कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
- 1 से 3 नवंबर 2025: एसआईआर से संबंधित सभी फॉर्म और दस्तावेजों की प्रिंटिंग की जाएगी।
- 3 नवंबर तक: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ (Booth Level Officer) को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025: बीएलओ मतदाता नामांकन फॉर्म लेकर घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस अवधि में हर बीएलओ तीन बार अपने क्षेत्र का दौरा करेगा ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।
- 9 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026: प्रारंभिक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियाँ दर्ज करने का अवसर दिया जाएगा।
- 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026: प्राप्त दावे और आपत्तियों की जांच एवं निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी।
- 7 फरवरी 2026: अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग का कहना है कि यह विशेष अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और समावेशी बनाने के लिए चलाया जा रहा है। राज्य निर्वाचन कार्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।