राम मंदिर के चढ़ावे में हुई लूट से आहत है देश की धार्मिक जनता

गाजीपुर । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री माननीय अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को सरजू पांडे पार्क, कचहरी परिसर में अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में हुई कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसके उपरांत कांग्रेसजनों ने महामहिम राज्यपाल महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में न्यायिक एस डी एम गाजीपुर को सौंपकर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि प्रभु श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं। राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में चोरी और लूट-खसोट की खबरों ने पूरे देश की धार्मिक जनता को मर्माहत कर दिया है। सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार किसी न किसी स्तर पर दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार आज राम भक्तों की आस्था की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे एवं पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने कहा कि भाजपा वर्षों से भगवान राम के नाम पर वोट मांगती रही है, लेकिन जब राम मंदिर के चढ़ावे की सुरक्षा की बात आती है तो उसकी जवाबदेही गायब हो जाती है। यदि किसी सामान्य नागरिक पर इतने गंभीर आरोप लगते तो तत्काल मुकदमा दर्ज हो जाता, लेकिन यहां सत्ता के संरक्षण में बैठे लोगों को बचाया जा रहा है। यह केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ विश्वासघात है।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने संयुक्त रूप से कहा कि राम मंदिर किसी दल या संगठन की नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था का केंद्र है। यदि वहां चढ़ाए गए दान में गड़बड़ी होती है और सरकार कार्रवाई करने के बजाय मौन रहती है, तो यह उसकी नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की लापरवाही और संभावित मिलीभगत के कारण ही आज तक इस प्रकरण में कठोर कार्रवाई नहीं हो सकी है। यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता चाहती है तो तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाए।
कांग्रेसजनों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनआंदोलन को और व्यापक रूप देगी। कांग्रेस पार्टी राम भक्तों की आस्था, मंदिर की पवित्रता और जनता के धन की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बटुकनारायण मिश्रा जनक कुशवाहा अजय कुमार श्रीवास्तव ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना चंद्रिका सिंह हामिद अली राजेश गुप्ता विद्याधर पांडे नसीम अख्तर आलोक यादव पारसनाथ उपाध्याय अजय दुबे जेपी पांडे इरफान खान सुमन चौबे डॉक्टर समर कुशवाहा आशुतोष सिंह ओमप्रकाश देवेंद्र कुमार सिंह राजेश सिंह शंभू सिंह कुशवाहा कृष्णानंद तिवारी सदानंद गुप्ता राजेश उपाध्याय डॉ गुड्डू दिवाकर सिंह कृष्णानंद तिवारी साजिद खान संजय कुमार गुप्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *