बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कसडोल क्षेत्र के बीच एक शादी समारोह उस समय विवाद और हंगामे में बदल गया, जब दूल्हा नशे की हालत में बारात लेकर पहुंचा। इस घटना के बाद दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे पूरा विवाह समारोह अचानक टूट गया।
मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कोरमी गांव निवासी युवक राजू मांडले की शादी कसडोल की रहने वाली सुनीता (परिवर्तित नाम) से तय थी। 27 अप्रैल को बारात धूमधाम से कसडोल पहुंची, जहां डीजे और नाच-गाने के बीच सभी रस्मों की तैयारी चल रही थी।
लेकिन जैसे ही दूल्हा द्वार-चार की रस्म के लिए उतरा, वह नशे की हालत में लड़खड़ाता हुआ नजर आया। यह देखकर दुल्हन पक्ष हैरान रह गया। कुछ ही देर में दुल्हन को जब दूल्हे की स्थिति की पूरी जानकारी मिली, तो उसने विवाह से इनकार कर दिया और कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ जीवन नहीं बिता सकती।
दुल्हन के इस फैसले का उसके परिवार ने भी समर्थन किया, जिसके बाद शादी की रस्में वहीं रोक दी गईं और बारातियों में हड़कंप मच गया। कई बाराती बिना भोजन किए ही वापस लौटने लगे।
इसी बीच मामला और बढ़ गया, जब लड़की पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग उठाई। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को रोका गया और दोनों पक्षों के बीच आर्थिक मुआवजे को लेकर विवाद शुरू हो गया।
दूल्हे के परिजनों का कहना है कि उनसे पहले 20 लाख रुपये और बाद में समझौते के लिए 7 लाख रुपये तक की मांग की गई। वहीं दूल्हे के परिवार ने इस संबंध में सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी ओर लड़की पक्ष ने भी अपनी ओर से शिकायत दी है। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर थाने बुलाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।