नवा रायपुर में आज से गोल्फ का रोमांच, CM विष्णुदेव साय करेंगे ओपन 2026 का शुभारंभ

रायपुर, 15 सितंबर 2026। नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ आज 15 सितंबर को होगा। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी एवं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की विशेष मौजूदगी रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की उपस्थिति से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे तथा प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। इसके पश्चात प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें आयोजन के उद्देश्यों और इससे जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

गोल्फ और खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के माध्यम से नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

गोल्फ जैसे बड़े आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है। यह प्रतियोगिता नवा रायपुर की खेल क्षमता और उभरती खेल संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *