भारतीय यूजर्स का इंतजार खत्म, Apple Pay ने की इंडिया में एंट्री; ऐसे होगा Tap-to-Pay पेमेंट

नई दिल्ली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार Apple ने भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित Apple Pay सर्विस लॉन्च कर दी है। अमेरिका में सितंबर 2014 में शुरू हुई यह सेवा करीब 12 साल बाद भारत पहुंची है। फिलहाल भारत में Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के साथ की गई है। शुरुआत में Axis Bank द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकेगा।

iPhone और Apple Watch से कर सकेंगे भुगतान

Apple Pay के जरिए यूजर्स दुकानों पर बिना फिजिकल कार्ड निकाले भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन मर्चेंट्स और ऐप के भीतर खरीदारी के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। फिलहाल यह सुविधा चुनिंदा Apple डिवाइस पर उपलब्ध है, जिसमें iPhone, iPad और Apple Watch शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, भविष्य में Mac पर भी इसका सपोर्ट दिया जाएगा।

फिजिकल स्टोर पर Apple Pay से भुगतान करने के लिए PoS मशीन में NFC यानी Tap-to-Pay सुविधा होना जरूरी है। ऐसी मशीन पर यूजर अपने iPhone या Apple Watch को टैप करके भुगतान कर सकता है।

PIN या OTP डालने की जरूरत नहीं

Apple Pay से भुगतान की प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है। NFC-सक्षम PoS मशीन के पास डिवाइस ले जाकर टैप करने पर भुगतान किया जा सकता है। कंपनी के अनुसार, चेकआउट के दौरान अलग से PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती। भुगतान की सुरक्षा Apple के डिवाइस सिक्योरिटी सिस्टम के जरिए सुनिश्चित की जाती है।

दुकानदार के साथ शेयर नहीं होगा असली कार्ड नंबर

Apple के मुताबिक, Apple Pay का इस्तेमाल करते समय यूजर का वास्तविक कार्ड नंबर डिवाइस में सेव नहीं किया जाता और न ही Apple के सर्वर पर रखा जाता है। भुगतान के दौरान यह नंबर दुकानदार के साथ भी साझा नहीं होता।

इसके बजाय Apple एक Device Account Number (DAN) तैयार करता है, जिसे डिवाइस के Secure Element नामक सुरक्षित चिप में एन्क्रिप्ट करके रखा जाता है। इससे वास्तविक कार्ड नंबर उजागर किए बिना भुगतान किया जा सकता है।

90 से ज्यादा देशों में उपलब्ध है Apple Pay

Apple के अनुसार, भारत में लॉन्च के बाद Apple Pay अब दुनिया के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है। कंपनी के मुताबिक, इसके साथ दुनियाभर में 11,000 से अधिक बैंक और पेमेंट नेटवर्क पार्टनर जुड़े हुए हैं।

ऐसे जोड़ें Axis Bank का क्रेडिट कार्ड

Axis Bank का Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड रखने वाले यूजर्स इसे Apple Pay में जोड़ सकते हैं। इसके लिए Axis Bank ऐप के लेटेस्ट वर्जन के जरिए कार्ड को सीधे Apple Wallet में जोड़ा जा सकता है।

इसके अलावा iPhone में Apple Wallet ऐप खोलकर ‘+’ बटन पर टैप करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। कार्ड जुड़ने के बाद NFC सुविधा वाले PoS टर्मिनल पर Apple डिवाइस को टैप करके भुगतान किया जा सकेगा।

फिलहाल भारत में Apple Pay की शुरुआत Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड के साथ हुई है। आने वाले समय में अन्य बैंकों और कार्ड नेटवर्क को भी इस सेवा से जोड़े जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *