दुर्ग, 30 अगस्त। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करेगा। पुरस्कार के लिए विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों को शामिल करते हुए कुल 10 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं पात्र पर्यटन हितधारक 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन ई-मेल के माध्यम से it@visitcg.in पर भेजे जा सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
इन 10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, CTB Star Performer-सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, CTB Star Performer-पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म शामिल हैं।

सेवा, नवाचार और पर्यटन प्रचार पर जोर
होटल एवं रिसॉर्ट श्रेणी में सेवाओं की गुणवत्ता, सुविधाएं, कारोबार, अधिभोग, ग्राहक संतुष्टि और रोजगार सृजन जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा। वहीं टूर ऑपरेटरों का चयन आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों के संचालन तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार में योगदान के आधार पर किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन पुरस्कार के लिए पर्यटन स्थलों के विकास, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने, स्थानीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने तथा रोजगार सृजन जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
स्टार्टअप और होमस्टे को भी मिलेगा प्रोत्साहन
पर्यटन क्षेत्र में नए विचार, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडल के जरिए बदलाव लाने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी पुरस्कार योजना में शामिल किया गया है। वहीं होमस्टे श्रेणी में बुकिंग, राजस्व, पर्यटकों की संख्या, ग्राहक समीक्षा, सुविधाओं तथा स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को बढ़ावा देने जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा।
डिजिटल प्रचार और इको-टूरिज्म पर विशेष ध्यान
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों से जुड़े रील्स, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राज्य की ब्रांडिंग करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच और पिछले वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इको-टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में कैंपिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों के सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण संचालन, पर्यटकों की संख्या, राजस्व तथा नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने जैसे प्रयासों का मूल्यांकन होगा।
15 सितंबर अंतिम तिथि
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन पर्यटन विभाग एवं निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानकों के आधार पर किया जाएगा। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का उद्देश्य पुरस्कार के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, सतत पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है।