आज गृह जिले जशपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विकास और जनसरोकार के कार्यक्रमों में लेंगे भाग

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अपने गृह जिले जशपुर के एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे और कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री साय सुबह 11 बजे बगीचा पहुंचकर नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वे गौरव पथ के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात देंगे। इसके बाद बगीचा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे और वहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर सहित अस्पताल की व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगे।

दोपहर में मुख्यमंत्री मंगल भवन के निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा उज्ज्वला महोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता कर लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इसके उपरांत वे फरसाबहार पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री साय अपने दौरे के दौरान अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और समाजजनों को संबोधित करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री साय शाम को अपने निवास ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *