रायपुर। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। देश को युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान और नवाचार का उपयोग केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रखकर समाज और राष्ट्रहित में करना चाहिए। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में कही।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (Indian National Academy of Engineering) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में श्री साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने तकनीकी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए युवाओं से अपनी योग्यता और क्षमता के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। आज युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। युवा अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से न केवल स्वयं आगे बढ़ सकते हैं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान भी दिला सकते हैं।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
श्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना आज की युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा है। आने वाले समय में देश का नेतृत्व वर्तमान युवा पीढ़ी ही करेगी। उन्होंने कहा कि जब भारत दुनिया में मान-सम्मान और गौरव के साथ खड़ा होगा, तब उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी आज के युवाओं के कंधों पर होगी। इसलिए युवाओं को अभी से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों के बीच विकसित भारत के विषय पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ होगा। सम्मेलन से प्राप्त विचार और अनुभव भविष्य में समाज तथा राष्ट्र के विकास के लिए उपयोगी साबित होंगे।
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
सम्मेलन के समापन सत्र में उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश, जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम रिसर्च, डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर के निदेशक डॉ. रोहित कुमार गुप्ता तथा एनआईटी रायपुर के प्राध्यापक प्रो. समीर वाजपेयी, प्रो. अर्चना शर्मा, डॉ. एस. सान्याल और डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य शिक्षाविद् उपस्थित रहे।