दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। संतुलन बिगड़ने से यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका दायां पैर कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान संदीप कुमार सिन्हा (58) के रूप में हुई है, जो ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह रेलवे के मासिक पास से दुर्ग से रायपुर ट्रेन से सफर करने के लिए स्टेशन पहुंचे थे।
लोकल ट्रेन छोड़ सुपरफास्ट पकड़ने की कोशिश बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। उसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची और कुछ देर रुकने के बाद रवाना होने लगी। इसी बीच संदीप कुमार सिन्हा ने लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनके हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसल गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ भी छूट गई और वे प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े।
अत्यधिक खून बहने से हुई मौत
ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें ट्रैक से बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी भेज दिया गया है। मामले में जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे की अपील: चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। कुछ क्षणों की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।