अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बोराड़ा थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लगने से कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच सहित एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पूसी देवी को अचानक सीने में दर्द उठा था। कार में रामसिंह की पत्नी और उनकी भांजी महिमा भी सवार थीं।
रास्ते में अचानक स्कॉर्पियो में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आसपास से पानी के टैंकर बुलाकर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
मृतकों में पूर्व सरपंच पूसी देवी, कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी और भांजी महिमा शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।