चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल चुराह में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर शर्मा ट्रैवलर्स की निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गुजर रही दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत 10 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
तीन किलोमीटर चलने के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रैवलर्स की बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने करीब तीन किलोमीटर का सफर ही तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक अचानक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।
बस में 15 से 16 यात्री थे सवार
हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। बस के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल तीसा भेजा गया। हादसे में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है।
मलबे में कुछ और यात्रियों के दबे होने की आशंका
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव अभियान जारी है। क्षतिग्रस्त बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और यात्री बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजा गया। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।