चीन दौरे से पहले ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- दोनों देशों के लिए होंगी ‘बहुत अच्छी चीजें’

डिजिटल डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump जल्द ही चीन के दौरे पर जाने वाले हैं। अपने प्रस्तावित दौरे को लेकर ट्रंप ने उत्साह जताते हुए कहा कि यह यात्रा अमेरिका और चीन दोनों देशों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। उनके बयान के बाद दोनों देशों के बीच संभावित बड़े व्यापारिक समझौतों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “मैं चीन की अपनी यात्रा को लेकर काफी उत्साहित हूं। यह एक शानदार देश है और राष्ट्रपति शी का पूरी दुनिया सम्मान करती है। दोनों देशों के लिए बहुत अच्छी चीजें होने वाली हैं।”

कई बड़े कारोबारी नेता भी जाएंगे साथ

व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रंप के साथ इस यात्रा में कई बड़े कारोबारी और टेक जगत के दिग्गज भी शामिल होंगे। इनमें Tim Cook, Elon Musk, Larry Fink, Kelly Ortberg, Michael Miebach और Dina Powell McCormick जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा करीब दर्जनभर अन्य कारोबारी प्रतिनिधि भी इस दौरे का हिस्सा बनेंगे।

शी चिनफिंग से रिश्तों पर बोले ट्रंप

सोमवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उनके और चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा, “हम चीन के साथ मिलकर काफी पैसा कमा रहे हैं। अब हमारा कारोबार समझदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।”

ट्रंप ने पूर्व अमेरिकी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले चीन अमेरिका का फायदा उठाता रहा, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध बेहतर दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

व्यापार और निवेश पर होगी अहम चर्चा

ट्रंप की तीन दिवसीय चीन यात्रा के दौरान व्यापार संतुलन, अमेरिकी आर्थिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा एयरोस्पेस, कृषि और ऊर्जा क्षेत्रों में नए समझौतों पर भी बातचीत हो सकती है।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बोर्ड से जुड़े लंबित मामलों को आगे बढ़ाने पर भी फोकस रहेगा। साथ ही ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां दोनों देशों के साझा आर्थिक हित मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *