मनीला। फिलीपींस में ‘कलमेगी’ नामक शक्तिशाली तूफान ने भीषण तबाही मचाई है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति बन गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति फर्डिनेंड बोंगबोंग मार्कोस जूनियर ने देश में राष्ट्रीय आपदा (National Emergency) घोषित कर दी है।
नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट काउंसिल (NDRRMC) के अनुसार, अब तक 140 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 127 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। करीब 5 लाख परिवार प्रभावित हुए हैं और 1.9 करोड़ नागरिकों को इस तूफान ने सीधे तौर पर प्रभावित किया है। हजारों घर तबाह हो गए हैं और कई क्षेत्रों में बिजली तथा संचार व्यवस्था ठप पड़ी है।
राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा कि “कलमेगी (स्थानीय नाम: टीनो) ने जिन प्रांतों को प्रभावित किया है और आने वाले समय में उवान (अंतरराष्ट्रीय नाम: फंग-वोंग) से जो क्षेत्र प्रभावित हो सकते हैं, उन सबको ध्यान में रखते हुए यह आपदा राष्ट्रीय स्तर की मानी जाएगी।”
सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। सेना, पुलिस और राहत एजेंसियां मलबे में फंसे लोगों को निकालने और विस्थापित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं। राहत शिविरों में आवश्यक खाद्य सामग्री और दवाइयों की आपूर्ति की जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ‘कलमेगी’ इस वर्ष का 20वां तूफान है जिसने फिलीपींस को प्रभावित किया है। तूफान का केंद्र अब वियतनाम की ओर बढ़ रहा है, हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके अवशेष अभी भी भारी वर्षा ला सकते हैं।
सरकार ने ‘उवान’ नामक अगले संभावित तूफान को लेकर भी हाई अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रपति मार्कोस ने आपात बैठक बुलाकर दोनों तूफानों से संभावित नुकसान की समीक्षा की और सभी एजेंसियों को चौबीसों घंटे राहत कार्य में तत्पर रहने के निर्देश दिए।