सेवा संकल्प के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की शुरुआत, भिलाई में सांसद से लेकर आम जनता ने किया श्रमदान

भिलाई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज से ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के पहले दिन भिलाई के सिविक सेंटर में सांसद से लेकर पूर्व मंत्री, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक एक साथ सफाई अभियान में शामिल हुए। सभी ने एक घंटे तक श्रमदान कर शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

सिविक सेंटर में आयोजित स्वच्छता अभियान में सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, जोन आयुक्त यशा लहरे सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने मिलकर परिसर की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जनता से सीधे जुड़े विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज स्वच्छता अभियान की भी शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि भिलाई शहर हमारा अपना है और इसे स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि स्वच्छता अभियान में शामिल होकर सभी ने अपने शहर को साफ और स्वच्छ रखने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि श्रमदान के जरिए हम सभी अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रख सकते हैं। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *