टोल प्लाजा पर नहीं रुकेंगे वाहन, गडकरी का बैरियर-फ्री सिस्टम का ऐलान

नई दिल्ली—देश में सड़क यात्रा का अनुभव जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐसा आधुनिक टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी में है, जिसमें वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि यह नई व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी और दिसंबर 2026 तक कई प्रमुख हाईवे इस तकनीक से लैस हो जाएंगे।

एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि देश में परिवहन और लॉजिस्टिक्स को तेज, सस्ता और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार लगातार नई तकनीकों को अपना रही है। उनका कहना था कि तेज़ और बाधारहित यातायात से न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि ईंधन की खपत भी कम होगी।

नई प्रणाली में वाहनों की पहचान के लिए हाईटेक कैमरे और डिजिटल ट्रैकिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन, FASTag और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम शामिल होंगे। जैसे ही वाहन टोल जोन से गुजरेगा, शुल्क अपने आप कट जाएगा। यदि कोई वाहन नियमों का पालन नहीं करता, तो उसके खिलाफ डिजिटल नोटिस जारी किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इस तरह के सुधारों से देश में लॉजिस्टिक्स खर्च में पहले ही कमी आई है और आने वाले समय में इसे और कम किया जा सकता है। बेहतर सड़क नेटवर्क और एक्सप्रेसवे के चलते माल परिवहन अब पहले से ज्यादा तेज और किफायती हो रहा है।

कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य का भी जिक्र किया गया। मंत्री ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक परिवहन व्यवस्था इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में देश वैकल्पिक ईंधनों जैसे बायो-फ्यूल और ग्रीन हाइड्रोजन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *