खुडमुड़ा में शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल, प्रस्तावित दुकान के सामने शुरू किया धरना

पाटन/दुर्ग। जिले के पाटन क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के ग्राम खुडमुड़ा में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। गांव में शराब दुकान खोले जाने की सुगबुगाहट के बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने प्रस्तावित शराब दुकान के सामने ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खोलने का प्रयास पहले भी किया गया था, लेकिन करीब एक साल पहले स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के चलते दुकान नहीं खुल पाई थी। अब एक बार फिर शराब दुकान खोलने की तैयारी की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। इसके विरोध में महिला-पुरुष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटकर धरने पर बैठ गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग भी अलर्ट हो गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीओपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों का विरोध जारी है।

फिलहाल खुडमुड़ा में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। ग्रामीण दुकान खोले जाने के विरोध में अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के विरोध और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बीच इस मामले में क्या निर्णय सामने आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *