नई दिल्ली। देशभर में मानसून की दस्तक से पहले मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून कभी भी प्रवेश कर सकता है। वहीं, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की स्थिति बन रही है।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शाम के समय धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म बना रह सकता है, लेकिन धूल भरी हवाएं चलने के आसार हैं।
राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी
राजस्थान में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है। पिछले तीन दिनों से राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है।
पंजाब-हरियाणा को मिलेगी गर्मी से राहत
पंजाब और हरियाणा में आज तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं उत्तराखंड के कई जिलों में बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ी मार्गों पर सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजस्थान में मौसम का कहर, तीन लोगों की मौत
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आए धूलभरे तूफान और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। बाड़मेर के दो गांवों में कच्चे मकानों की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी हादसे में मौत हो गई।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।