बिलासपुर। जिले में इस साल मानसून ने अच्छी बारिश कराई है। 5 सितंबर तक बिलासपुर में औसत 943.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि के औसत 900.7 मिमी से 42.8 मिमी अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक सामान्य औसत की 104.8 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।
भू-अभिलेख शाखा के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 5 सितंबर तक जिले में कुल 11,322.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसका औसत 943.5 मिमी रहा, जबकि पिछले दस वर्षों की इसी अवधि का औसत 900.7 मिमी है। यानी इस मानसून सीजन में जिले में बारिश सामान्य आंकड़े से ऊपर पहुंच चुकी है।
बिलासपुर तहसील में औसत से करीब 25% ज्यादा बारिश
तहसीलवार बारिश के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिला है। बिलासपुर तहसील में 1,178.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो पिछले दस वर्षों के औसत 943.6 मिमी से करीब 24.8 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, बोदरी में 1,027.8 मिमी, सकरी में 1,075.8 मिमी और रतनपुर में 1,008.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके विपरीत कोटा तहसील में 763.8 मिमी वर्षा हुई, जो वहां के दस वर्षीय औसत 881.8 मिमी से कम है।
सितंबर में कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार मानसूनी तंत्र फिलहाल सक्रिय बना हुआ है, लेकिन इसकी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। महीने के अंत तक मानसून कमजोर पड़ सकता है।
सितंबर के दूसरे पखवाड़े के बाद राजस्थान से मानसून की वापसी की गतिविधियां बढ़ने के साथ बिलासपुर में भी मानसून के कमजोर होने का दौर तेज होने का अनुमान है।
हालांकि, फिलहाल बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। 11 सितंबर से बिलासपुर में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
सितंबर में बदलता रहा बारिश का मिजाज
बिलासपुर में पिछले 10 वर्षों के सितंबर महीने के आंकड़े बारिश के बदलते मिजाज को दर्शाते हैं। वर्ष 2016 में सितंबर में 176.7 मिमी, 2017 में 115.7 मिमी और 2018 में 86.7 मिमी बारिश हुई थी।
इसके बाद 2019 में बारिश बढ़कर 341.9 मिमी पहुंच गई। वर्ष 2020 में 139.5 मिमी, 2021 में 268.6 मिमी और 2022 में 178.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, 2023 में सितंबर में 493 मिमी बारिश हुई, जो इस अवधि में उल्लेखनीय वृद्धि रही।
24 घंटे की बारिश में भी दिखा उतार-चढ़ाव
सितंबर में 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के आंकड़ों में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वर्ष 2016 में 24 घंटे की सर्वाधिक बारिश 48 मिमी रही थी। 2018 में यह आंकड़ा 29.6 मिमी रहा।
वर्ष 2019 में 24 घंटे में 52 मिमी और 2020 में 54 मिमी बारिश दर्ज की गई। 2022 में 24 घंटे के दौरान 50.4 मिमी बारिश हुई। वहीं 2023 में सितंबर के दौरान 24 घंटे में 135.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
मानसून कमजोर होगा, लेकिन बारिश अचानक बंद नहीं होगी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की गतिविधियां कमजोर होने का मतलब यह नहीं है कि बारिश अचानक पूरी तरह बंद हो जाएगी। मौसम तंत्र कमजोर होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर बादल बनने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी रह सकती है।
इस साल जिले के लिए राहत की बात यह है कि औसत बारिश सामान्य से ऊपर पहुंच चुकी है। आगे होने वाली बारिश से मिट्टी में नमी बनी रहने के साथ जलस्रोतों और खरीफ फसलों को भी अतिरिक्त लाभ मिलने की उम्मीद है।