मोबाइल चार्जर में तार जोड़ना पड़ा भारी, करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

सरगुजा। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए किया गया एक खतरनाक जुगाड़ युवक की जान पर भारी पड़ गया। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई में मोबाइल चार्जर में अतिरिक्त तार जोड़कर बिजली बोर्ड में लगाने के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रविन्द्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविन्द्र ने मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर के तार में अतिरिक्त तार जोड़ रखा था। वह इस तार को सीधे बिजली के प्लग में लगा रहा था। इसी दौरान अचानक करंट प्रवाहित हो गया और उसकी दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां तार से चिपक गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह खुद को तार से अलग नहीं कर सका।

चाचा ने देखा तो उड़ गए होश

घटना के समय रविन्द्र के चाचा ठाकुर सिंह सब्जी लेने के लिए उसके घर पहुंचे थे। घर के अंदर पहुंचते ही उन्होंने रविन्द्र को जमीन पर गिरा और करंट की चपेट में तड़पते हुए देखा। रविन्द्र ने अपने चाचा को देखकर मदद के लिए आवाज लगाई और बिजली का तार छुड़ाने को कहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ठाकुर सिंह ने तुरंत स्विच बोर्ड से तार निकाल दिया। बिजली का प्रवाह बंद होने के बाद रविन्द्र को करंट से अलग किया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

परिजन रविन्द्र को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

परिजनों के मुताबिक, मोबाइल चार्ज करने के लिए किया गया मामूली सा जुगाड़ इस तरह जानलेवा साबित होगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चार्जर में अतिरिक्त तार किस तरह जोड़ा गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार्जर में अतिरिक्त तार जोड़कर सीधे बिजली के प्लग से कनेक्शन करने के दौरान करंट लगने से यह हादसा हुआ।

बिजली के उपकरणों से छेड़छाड़ से बचें

यह घटना बिजली के उपकरणों के साथ असुरक्षित तरीके से छेड़छाड़ करने के खतरे को भी सामने लाती है। खराब चार्जर, खुले तार या अस्थायी बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल जानलेवा हो सकता है। बिजली से जुड़े किसी उपकरण में खराबी आने पर खुद तार जोड़ने के बजाय सुरक्षित और प्रमाणित उपकरण का इस्तेमाल करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षित इलेक्ट्रिशियन की मदद लेना ही सुरक्षित विकल्प है।

फिलहाल उदयपुर पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *