दुर्ग RTO कार्यालय में अवैध वसूली एवं दलाली बंद करने की मांग युवा कांग्रेस ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग। दुर्ग क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली, रिश्वतखोरी और दलाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिला युवा कांग्रेस ने एक बार फिर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

युवा कांग्रेस के अनुसार, पहले ही 25 अगस्त 2025 को RTO में 1500 से 2000 रुपये अतिरिक्त लेकर दलालों के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस जारी कराने की शिकायत कलेक्टर को दी गई थी। आरोप है कि बिना टेस्टिंग के अयोग्य लोगों को भी लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।

युवा कांग्रेस का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद न तो दोषी RTO अधिकारियों पर FIR दर्ज हुई और न ही कार्यालय परिसर के बाहर सक्रिय दलालों पर कोई कार्रवाई। उनका आरोप है कि RTO के बाहर अब भी 50 से अधिक दलालों के द्वारा  लाइसेंस के लिए डेढ़ से दो गुना तक वसूली की जा रही है।

इसी के विरोध में 16 सितंबर को जिला युवा कांग्रेस महासचिव दीपांकर साहू के नेतृत्व में RTO का घेराव कर तालेबंदी की गई। प्रदर्शनकारियों ने 5 दिनों का CCTV फुटेज जिला प्रशासन को सौंपा, जिसमें—उनके अनुसार—100 से अधिक लाइसेंस बिना टेस्टिंग जारी किए गए हैं। प्रशासन ने 7 दिनों में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, परंतु कोई कार्रवाई न होने से संगठन नाराज है।

युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि जिस RTO अधिकारी पर आरोप लगाए गए हैं, उसी को जांच की जिम्मेदारी दे दी गई।

संगठन ने इस बात के भी प्रमाण देने का दावा किया है कि प्रशासन के यह कहने के बावजूद कि टेस्टिंग शुरू कर दी गई है, एक उनके कार्यकर्ता ने दलाल के माध्यम से 3500 रुपये देकर बिना टेस्टिंग ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किया। इसका शपथ पत्र, ऑनलाइन भुगतान रसीद और ट्रांज़ैक्शन आईडी भी उन्होंने प्रशासन को सौंपा है।

युवा कांग्रेस ने तत्काल FIR, विभागीय जांच के साथ  दलालों को  हटाने की मांग करते हुए तहसीलदार क्षमा यदु को ज्ञापन सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *