शिव शक्ति तालाब में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, SDRF ने रेस्क्यू कर निकाला शव

दुर्ग: जामुल थाना क्षेत्र के शिव शक्ति तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे 32 वर्षीय युवक का शव SDRF दुर्ग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, घासीदास नगर जामुल निवासी मनी जंघेल (32 वर्ष), पिता कांता जंघेल शिव शक्ति तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग की SDRF टीम को मौके पर भेजा गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF के डीप डाइवर राजकुमार यादव और चंद्र प्रताप ने गहरे पानी में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने काफी प्रयास के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला।

रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शव को मर्ग पंचनामा और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *