100% Ethanol Vehicle: पेट्रोल को टक्कर देगी इथेनॉल कार, गडकरी का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल को लेकर हालिया चर्चाओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बार फिर इथेनॉल के इस्तेमाल की पैरवी की है। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने 100 प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाली कार और बाइक टैक्सी को लेकर कई अहम बातें कहीं।

अक्टूबर में लॉन्च हो सकती है 100% इथेनॉल कार

नितिन गडकरी ने कहा कि दुनिया के 19 देशों में इथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में टोयोटा की 100 प्रतिशत फ्लेक्स-फ्यूल कार लॉन्च करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया है। उनके मुताबिक, यह कार 100 प्रतिशत इथेनॉल पर चल सकेगी और वाहन चलते समय बिजली भी पैदा करेगा।

गडकरी ने दावा किया कि पेट्रोल की मौजूदा कीमतों की तुलना में इथेनॉल से वाहन चलाने की लागत काफी कम हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इथेनॉल के इस्तेमाल से प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

किसानों को भी होगा फायदा

इथेनॉल उत्पादन को किसानों की आय से जोड़ते हुए गडकरी ने कहा कि मक्के से इथेनॉल बनाने के फैसले से उत्तर प्रदेश और बिहार के किसानों को करीब 45 हजार करोड़ रुपये का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाई हैं और किसानों के हित में इन नीतियों को समर्थन दिया जाना चाहिए।

गडकरी ने यह भी कहा कि इथेनॉल के बढ़ते इस्तेमाल से पारंपरिक पेट्रोल कारोबार से जुड़े लोगों पर असर पड़ सकता है, लेकिन उनका प्राथमिक उद्देश्य किसानों के हितों को बढ़ावा देना है।

बाइक टैक्सी को बढ़ावा देने की अपील

कार्यक्रम में गडकरी ने देश में बाइक टैक्सी सेवाओं को बढ़ावा देने की भी बात कही। उन्होंने राज्यों के परिवहन मंत्रियों से अपील की कि गांवों और छोटे शहरों के युवाओं को दोपहिया वाहनों के जरिए कमाई और रोजगार का अवसर दिया जाए।

उन्होंने कहा कि बाइक टैक्सी प्लेटफॉर्म कम लागत में लोगों को रोजगार और अतिरिक्त आय का साधन उपलब्ध करा सकते हैं। गडकरी के अनुसार, इस तरह के मॉडल से देश में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने बाइक टैक्सी के लिए नियमों को आसान बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया और कहा कि नीतिगत बदलाव के बाद कई प्लेटफॉर्म तेजी से आगे बढ़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *