महतारी वंदन योजना: 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर माह मिल रहा आर्थिक संबल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल होकर माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक उल्लास और आत्मीय वातावरण में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनी है। योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर माह एक हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। अब तक 31 किस्तों के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे स्वरोजगार के लिए कर रही हैं। इससे महिलाओं के आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूती मिल रही है।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के जरिए परिवार की आय बढ़ा रही हैं। महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है।

छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।

समारोह में छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले कलाकारों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया।

विकास और बुनियादी सुविधाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल और खाद्य सुरक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और प्रतिदिन करीब 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति, विश्वास और विकास के साथ आगे बढ़ रहा है।

राजस्व मंत्री ने लोकगीत से किया अभिनंदन

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने तीज मिलन समारोह में माताओं-बहनों का स्वागत किया और छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। उनकी प्रस्तुति से समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और तीज पर्व का उल्लास और बढ़ गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री के निवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *